बागेश्वर। नगर के खड़ी बाजार क्षेत्र में एक पूर्व सैनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक की पहचान मंडलसेरा, जीतनगर निवासी 40 वर्षीय प्रकाश राम पुत्र जसौद राम के रूप में हुई है, जो पूर्व में आईटीबीपी में सेवाएं दे चुके थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खड़ी बाजार स्थित किरन साह के मकान की छत पर प्रकाश राम एक अन्य व्यक्ति के साथ धूप सेक रहे थे। इसी दौरान अचानक प्रकाश राम छत से नीचे गिर गए। घटना के समय बाजार में काफी चहल-पहल थी। गिरते ही उनके सिर में गंभीर चोट आई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय छत पर मौजूद दूसरा व्यक्ति शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है, जिसे पुलिस ने मौके से नीचे उतार लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी में भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि प्रकाश राम ने लगभग चार वर्ष पूर्व आईटीबीपी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। वह अपने परिवार का इकलौता सहारा थे। उनके परिवार में 14 वर्षीय जुड़वा पुत्र कृष्ण, एक पुत्री कल्पना, तथा पत्नी निर्मला देवी हैं। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी निर्मला देवी बेसुध हो गईं। उल्लेखनीय है कि मृतक की माता विशनुली देवी का निधन भी करीब पांच माह पूर्व हुआ था।
घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि घटना की जांच हर दृष्टिकोण से की जा रही है तथा फॉरेंसिक टीम भी साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।








