बागेश्वर। पीआरडी के जवानों ने आज रविवार को ओडोटेरियम, बागेश्वर में बैठक आयोजित कर अपनी दो प्रमुख मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जवानों ने समान कार्य के लिए समान वेतन और 365 दिन रोजगार की मांग उठाते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
प्रदर्शन के दौरान पीआरडी जवानों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है। संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र भोटिया ने बताया कि इन मांगों को लेकर जवान लंबे समय से आंदोलनरत हैं। उन्होंने कहा कि दो बार प्रदेश मुख्यालय में भी प्रदर्शन किया जा चुका है, जहां सरकार की ओर से आश्वासन मिला, लेकिन आज तक मांगों को पूरा नहीं किया गया। राजेंद्र भोटिया ने कहा कि इस बार जवान केवल आश्वासन पर भरोसा नहीं करेंगे और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 28 मई को देहरादून में प्रस्तावित आंदोलन में बागेश्वर के जवान भी भाग लेंगे। बैठक एवं प्रदर्शन में नीमा वर्मा, कैलाश, हरीश राम, महेश भोटिया, मनीष जौहरी, महेश राम, धीरज, बलवंत भोटिया, देवकी देवी, पुष्पा देवी समेत कई पीआरडी जवान मौजूद रहे।








