logo

केवाईसी अपडेट के नाम पर 1.48 लाख की साइबर ठगी, बैंक कर्मचारी बनकर ठग ने उड़ाए रुपये

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। यूको बैंक का कर्मचारी बनकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर ओटीपी हासिल कर उसके दो बैंक खातों से 1.48 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर कपकोट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम तोली, पोस्ट फुलवाड़ी निवासी विष्णु सिंह पुत्र मंगल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 जून को जायका परियोजना के तहत समूह के चेक निरस्त होने की जानकारी लेने के लिए समूह के एफएलसी (मोटिवेटर) बलवंत सिंह यूको बैंक, भराड़ी गए थे। बैंक अधिकारियों ने नए पदाधिकारियों की केवाईसी अपडेट नहीं होने को इसका कारण बताया।

यह भी पढ़ें 👉  नारायणबगड़ रहा भूकंप का केंद्र, बागेश्वर में भी कांपी धरती

इसी दौरान विष्णु सिंह के मोबाइल पर यूको बैंक का लोगो प्रदर्शित करने वाले एक नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम अमित कुमार बताते हुए खुद को बैंक कर्मचारी बताया और केवाईसी पूरी कराने की बात कही। आरोपित को बैंक खाते, एटीएम कार्ड और एफडी से संबंधित गोपनीय जानकारी पहले से होने के कारण पीड़ित को उस पर विश्वास हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  पंचम सीमान्त पर्वतीय जनपद विज्ञान महोत्सव का सीएम धामी करेंगे शुभारंभ

अगले दिन 26 जून को आरोपित ने दोबारा फोन कर ओटीपी मांगा। ओटीपी साझा करते ही पीड़ित के यूको बैंक के एक खाते से 95 हजार रुपये और दूसरे खाते से 53,598 रुपये, कुल 1,48,598 रुपये ऑनलाइन निकाल लिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  वीवीआईपी ड्यूटी के चलते बागेश्वर में बदला रहेगा ट्रैफिक रूट, कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही डायवर्ट

पीड़ित ने 27 जून को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद एक खाते में 55 हजार रुपये वापस हो गए, जबकि शेष धनराशि की रिकवरी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर साइबर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp