बागेश्वर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवत डसीला ने कहा कि उत्तराखंड में नौकरियां चेहतों को मिल रही है। पूर्व काबीना मंत्री स्व. चंदन राम दास की पुत्री समेत अन्य को आयुर्वेद और यूनानी विभाग में चिकित्साधिकारी के पद पर नियुक्त दे दी। जिससे हजारों युवाओं के सपनों पर पानी फिरा है। उन्होंने भर्ती को निरस्त करने और मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की।
आज पार्टी कार्यालय पर आयोजित पत्रकार वार्ता में डसीला ने कहा कि उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने बड़ी धाधली की है। उत्तराखंड भर्ती घोटालों का राज्य बन गया है। मंत्री और विधायकों के रिश्तेदारों के लिए ही नौकरियां हैं। रात दिन पढ़ाई करने वाले गरीब किसान, मजदूर और जरूरमंद नौकरी के लिए भी अयोग्य कर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व काबिना मंत्री दास की पुत्री के मात्र 13.25 अंक थे। इसके अलावा अन्य नियुक्तियां 4-6 अंक लाने पर भी अंतिम चयन किया गया है। यह विभाग मुख्यमंत्री धामी के पास है। जिससे यह साफ़ है कि मुख्यमंत्री धामी सीधे तौर पर इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। इस दौरान महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोपा धपोला, ललित बिष्ट, लक्ष्मी धर्माशक्तू आदि उपस्थित थे।