बागेश्वर : कांग्रेस ने केंद्रीय सड़क राज्य मंत्री अजय टम्टा का पुतला फूंका। कहा कि वह जिले के भ्रमण पर हैं। वह उनका विरोध कर रहे हैं। लगभग डेढ़ वर्ष से क्वारब के समीप सड़क बंद है। जिसके कारण तीन जिले के लोग प्रभावित हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री जिम्मेदारी से मुंह मोड़ रहे हैं।
कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कांग्रेसी एसबीआई तिराहे पर एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा जिले के क्वारब के समीप डेढ़ वर्ष से सड़क बंद है। लगतार भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक है। दुर्घटनाओं का भी भय बना हुआ है। हल्द्वानी आदि स्थानों को जाने वाले लोग एक दिन पहले घर से निकल रहे हैं। एंबुलेंस घंटों जाम में फंस रहे हैं। वाहनों को दूसरे स्थान से होकर जाना पड़ रहा है। जिसमें माल भाड़ा तथा किराया भी बढ़ गया है। जिसके कारण आम जनता बेहाल है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ तथा बागेश्वर के अलावा चमोली जिले के सीमांत गांवों के लोग क्वारब से सबसे अधिक प्रभावित हो गए हैं। उन्होंने शीघ्र सड़क को दुरुस्त करने की मांग की। इस अवसर पर हरीश त्रिकोटी, कुंदन गिरी, दान सिंह, हरीश ऐठानी, भीम कुमार, मुन्ना पांडे, बहादुर सिंह, महेश पंत, गीता रावल, पनीराम, बालकृष्ण, नरेंद्र सिंह रोहित खैर आदि उपस्थित थे।








