बागेश्वर। उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने बिना लाइसेंस शराब परोसने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण बरामदगी के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में कोतवाली बैजनाथ पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अपनी दुकान में बिना लाइसेंस ग्राहकों को अवैध रूप से शराब पिलाने के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शंकर भाकुनी (45) पुत्र बहादुर सिंह, निवासी जिनखोला, कोतवाली बैजनाथ के रूप में हुई है। आरोपी पर अपनी दुकान में बिना वैध लाइसेंस शराब परोसने का आरोप है।
इस मामले में कोतवाली बैजनाथ में अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 14/2026 के तहत धारा 60(1)/21 आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








