गरुड़। लगातार बारिश के बीच गुरुवार सुबह नरसिंह मंदिर, मैगड़ी स्टेट के समीप मुख्य सड़क पर चीड़ का विशाल पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पेड़ गिरने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना फायर स्टेशन गरुड़ को मिली। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी धन सिंह के निर्देशन में फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने वुडन कटर की सहायता से पेड़ को काटकर सुरक्षित तरीके से सड़क से हटाया और कुछ ही देर में बाधित मार्ग को यातायात के लिए सुचारू कर दिया।
फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई और लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस प्रशासन ने बारिश के दौरान लोगों से सतर्कता बरतने और आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।








