बागेश्वर : बागेश्वर में युवाओं को विदेशी भाषा और वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ने की दिशा में सेवा योजन विभाग द्वारा एक दिवसीय जापानी भाषा कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 40 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को जापानी भाषा सीखने और विदेशों में रोजगार की संभावनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में सेवा योजन विभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को जापानी भाषा के महत्व और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के 40 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रवीण गोस्वामी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जापानी भाषा के प्रति जागरूक करना और उन्हें वैश्विक रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं की ओर से कार्यशाला को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इसके लिए प्रशिक्षकों को भी बागेश्वर बुलाया गया है, जो युवाओं को जापानी भाषा और इससे जुड़ी संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विदेशी भाषाओं का ज्ञान युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल सकता है, ऐसे में इस प्रकार की कार्यशालाएं युवाओं के कौशल विकास में अहम भूमिका निभाएंगी।








