बागेश्वर। शिक्षा निदेशक व मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल अधिकारी एसोसिएशन का आक्रोश थमता नहीं दिख रहा है। नाराज कर्मचारियों ने लगातार दूसरे दिन भी कार्य बहिष्कार करते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
मंगलवार को कर्मचारी मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। नारेबाजी के बीच धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि रायपुर व विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके साथियों द्वारा शिक्षा निदेशक व मिनिस्ट्रीयल कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई, जिसमें अधिकारी घायल हुए। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जब अधिकारी अपने ही कार्यालय में सुरक्षित नहीं हैं, तो ऐसे माहौल में कार्य करना संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने तथा कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। हड़ताल के कारण दिनभर कार्यालयी कार्य प्रभावित रहा। कई फाइलें लंबित रहीं और आमजन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। धरना-प्रदर्शन में विनोद पांडे, भुवन जोशी, प्रकाश खुल्बे, दिनेश जोशी, विनोद कांडपाल, सौरभ जोशी, अनीता जोशी, मंजू देवी सौरभ, वीरेंद्र सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








