बागेश्वर : निर्माणाधीन सड़क का कार्य बंद होने पर चलाकाना व पुड़कुनी के ग्रामीणों ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर नौ जनवरी से तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है। साथ ही विभाग पर क्षेत्र की उपेक्षा का भी आरोप लगाया है।
दोनों गांव के लोग शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत गैरखेत, लखमार में जो मोटर मार्ग का निर्माण किया जा रहा था। वर्तमान में किसी प्रकार का काम नहीं हो रहा है। विभाग ने धनराशि पूरी खर्च कर दी है। विभाग की लापरवाही से लखमारा वासियों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। विभाग को कई बार सड़क निर्माण की मांग कर दी है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क हर्षिला-पुड़कुनी के किमी 11 से छुरिया मिलान के लिए विभाग द्वारा कई बार सर्वे किया, लेकिन आज तक मिलान नहीं हो पाया है। गैरखेत-गौंतुआ मल्ल पातल किरमापानी एवं चलकाना के मुख्य मार्ग से मिलाने के लिए भी सर्वे हो गया है, लेकिन यहां से भी गांव तक सड़क नहीं पहुंची। उन्होंने बताया कि सड़क के अभाव में उन्हें आज भी मीलों पैदल चलना पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि मांग नहीं मानी गई तो नौ जनवरी से तहसील परिसर कपकोट में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। इस मौके पर करम सिंह मेहता, ग्राम प्रधान चलाकाना गीता देवी, धीरज गड़िया बीडीसी सदस्य, दर्शन सिंह, ईश्वर सिंह, खड़क सिंह तथा मोहन सिंह आदि मौजूद रहे।








