कुलपति प्रो सतपाल बिष्ट ने बागेश्वर परिसर का किया निरीक्षण
बागेश्वर : एस.एस.जे. कैंपस के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने बागेश्वर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर की शैक्षणिक, भौतिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया तथा अधिकारियों, प्राध्यापकों और छात्र प्रतिनिधियों से विस्तार से बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान परिसर के निदेशक डॉ. कमल किशोर ने कुलपति के समक्ष परिसर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को रखा। उन्होंने भवन, आधारभूत सुविधाओं तथा प्रशासनिक स्तर की बाधाओं की जानकारी दी। वहीं छात्र संघ अध्यक्ष सागर जोशी ने परिसर में लंबे समय से हस्तांतरित नहीं हो पा रहे भवन की समस्या को प्रमुखता से उठाया। साथ ही उन्होंने यह भी अवगत कराया कि कई बार जिला प्रशासन द्वारा परिसर प्रबंधन की अनुमति के बिना परिसर में कार्य कराए जाते हैं, जो विश्वविद्यालय की स्वायत्तता के विपरीत है। इस पर कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विश्वविद्यालय की पूर्व अनुमति के बिना परिसर या खेल मैदान का किसी भी प्रकार से उपयोग न किया जाए। उन्होंने परिसर प्रशासन को विश्वविद्यालय की संपत्ति के संरक्षण को लेकर सतर्क रहने के निर्देश भी दिए। परिसर की वर्तमान स्थिति को देखते हुए कुलपति ने निदेशक डॉ. कमल किशोर को शीघ्र ही विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि बागेश्वर परिसर के विकास से संबंधित प्रस्ताव विश्वविद्यालय स्तर पर जल्द स्वीकृत कर कार्यवाही की जा सके। कुलपति ने भरोसा दिलाया कि बागेश्वर परिसर से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा, जिससे शैक्षिक वातावरण और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा सके।








