बागेश्वर। सावन माह के दौरान मीट की दुकानों के संचालन का विरोध करते हुए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को मीट मार्केट पहुंचकर प्रदर्शन किया।कार्यकर्ताओं ने सावन के पवित्र महीने में मीट की बिक्री पर आपत्ति जताते हुए जिला प्रशासन से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करने की मांग की।
विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मीट मार्केट पहुंचे, जहां उन्होंने दुकानों के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का पवित्र पर्व माना जाता है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस पूरे महीने व्रत-उपवास और सात्विक जीवन का पालन करते हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर मीट की बिक्री से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि सावन माह के दौरान मीट की दुकानों के संचालन पर उचित निर्णय लिया जाए और धार्मिक आस्था का सम्मान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी समुदाय विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखना है।कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो भविष्य में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस विषय में शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। प्रदर्शन में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री तरुण सिंह कन्याल, विभाग गौ सुरक्षा प्रमुख सुरेश खेतवाल, प्रांत धर्म प्रचार-प्रसार प्रमुख शेर सिंह मलडा, प्रांत सत्संग सह प्रमुख पूरन सिंह रावत, जिला मठ-मंदिर प्रमुख ललित तिवारी, जिला सह मंत्री जगदीश, बजरंग दल के जिला सह संयोजक नरेंद्र कोरंगा तथा विद्यार्थी प्रमुख धीरज कार्की सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।








