बागेश्वर : विकासखंड कपकोट की ग्राम पंचायत वाछम के ग्रामीणों ने क्षेत्र की लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर आंदोलन का ऐलान कर दिया है। ग्राम प्रधान दिनेश सिंह दानू के नेतृत्व में आज ग्रामीणों ने जिला कार्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो 22 जुलाई से ग्राम पंचायत भवन में क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में ग्रामीणों ने कई बार अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए शासन-प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने अपनी प्रमुख मांगों में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सरनी के उच्चीकरण और शिक्षकों की तैनाती, रेखाडी मोटर मार्ग से जातोली तक सड़क निर्माण, सुंदरढुंगा क्षेत्र में स्थित देवीकुंड मंदिर का जीर्णोद्धार करने, बिना नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल टावर की स्थापना, नदी पर पुल निर्माण तथा सुंदरढुंगा यात्रा मार्ग में चार चिन्हित स्थानों रुके हुए कटिंग कार्य को कराते हुए मार्ग को सही किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्राम प्रधान ने शासन-प्रशासन से जनहित को देखते हुए समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर न होना पड़े।








