logo

राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के तहत घिरौली में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों का पांच दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण शुरू

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : राष्ट्रीय ग्रामीण स्वराज अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत घिरौली में पर्वतीय जन जागरण समिति के तत्वावधान में 17 ग्राम सभाओं के वार्ड सदस्यों एवं ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के लिए पांच दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को सशक्त बनाते हुए ग्राम विकास की प्रक्रिया में उनकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायती राज व्यवस्था, ग्राम पंचायत विकास योजना, सामाजिक अंकेक्षण, महिला एवं वंचित वर्गों की सहभागिता तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर महेश पाण्डे ने ग्राम सभा के महत्व, ग्राम पंचायत की संवैधानिक भूमिका, अधिकारों एवं कर्तव्यों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की नींव है और जब ग्राम सभा सशक्त होती है, तभी गांव का सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है। उन्होंने जनभागीदारी, पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। ग्राम प्रधान योगेश खेतवाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के आधारभूत प्रशिक्षण से पंचायत प्रतिनिधियों को अपने अधिकारों और दायित्वों की स्पष्ट समझ मिलती है। इससे विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी और ग्राम सभा की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित होगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने गांवों में लागू करने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सिंह,साहिल कुमार, प्रीति मर्तोलिया, बीना वर्मा,बबीता मर्तोलिया आदि उपस्थित रहे।

Share on whatsapp