logo

सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, बारिश के बीच घंटों धरने पर डटे रहे

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-खाईं धार मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर फुलवाड़ी-फुलाचौंरा-खाईं धार सड़क संघर्ष समिति का चरणबद्ध आंदोलन सोमवार को भी जारी रहा। आंदोलन के तहत ग्रामीणों ने फुलवाड़ी पंचायत घर के समीप कपकोट-कर्मी मोटर मार्ग पर चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन किया और शीघ्र सड़क निर्माण की मांग उठाई।
सुबह सात बजे से ही ग्राम पंचायत चीराबगड़, कर्मी एवं दुलम के तोक फुलवाड़ी, फुलाचौंरा, थलीधार, खाईं धार, सापुली गुठण और कोटीधार से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवा पंचायत घर के पास एकत्र होने लगे। लगातार बारिश के बावजूद ग्रामीण सड़क पर डटे रहे, जिससे कपकोट-कर्मी मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
आंदोलनकारियों ने बताया कि उनका संघर्ष वर्षों से लंबित सड़क निर्माण की मांग को लेकर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धरने के दौरान मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए बीमारों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े एंबुलेंस वाहनों को जाम से मुक्त रखा गया। साथ ही सड़क से गुजरने वाले यात्रियों और वाहन चालकों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने जनजागरण गीत और कविताओं के माध्यम से अपनी मांग को बुलंद किया तथा शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनकारियों का कहना था कि यदि जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान कुंदन सिंह बिष्ट, कैप्टन रतन सिंह दानू, चरण सिंह बघरी, करम सिंह दानू, शेर सिंह दानू, गजेंद्र सिंह धामी, बबीता देवी, मालती देवी, मीना धामी, पार्वती धामी, तारा धामी, रेवती देवी, मोहिनी देवी, डिगरी देवी, लीला देवी, हंसा देवी, ममता देवी, राधा धामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बागेश्वर में विशेष लोक अदालत का आयोजन, छह एनआई एक्ट मामलों का निस्तारण, 7.32 लाख रुपये का हुआ समझौता
Ad
Share on whatsapp