logo

कपकोट में फायर सर्विस की मुस्तैदी, जंगल की भीषण आग पर पाया काबू

खबर शेयर करें -

बागेश्वर कपकोट : कपकोट फायर सर्विस की तत्परता से जंगल में लगी भीषण आग को समय रहते काबू कर लिया गया, जिससे रिहायशी क्षेत्र में बड़ा नुकसान होने से बच गया। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड फायर सर्विस को थाना कपकोट के माध्यम से सूचना मिली कि थाने से आगे जंगल क्षेत्र में भीषण आग लगी है। आग तेजी से फैलते हुए पास के रिहायशी इलाकों और घास के ढेरों की ओर बढ़ रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी इंचार्ज जगदीश चंद्र कांडपाल के नेतृत्व में फायर यूनिट सायरन बजाती हुई तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचते ही फायर कर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया। एमएफई (MFE) पम्पिंग सेट और हौजरिल की सहायता से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया गया। टीम की तत्परता से स्थानीय निवासी का घास का लुट्टा जलने से बच गया। यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों को भी खतरा हो सकता था। अग्निशमन कार्य पूर्ण होने के बाद टीम ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों को जंगल की आग से होने वाले पर्यावरणीय और आर्थिक नुकसान के बारे में जागरूक किया। साथ ही अपील की कि सूखी घास या कूड़ा जलाते समय विशेष सावधानी बरतें और वन क्षेत्रों को आग से सुरक्षित रखने में सहयोग करें। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

Share on whatsapp