बागेश्वर। जिला कबड्डी संघ टिहरी गढ़वाल द्वारा आयोजित होने जा रही राज्यस्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता (U-20) के लिए बागेश्वर जनपद की बालक व बालिका कबड्डी टीम आज रवाना हो गई। यह प्रतियोगिता 4 एवं 5 नवंबर 2025 को सरदार सिंह रावत राजकीय इंटर कॉलेज, नैनबाग (टिहरी गढ़वाल) में आयोजित होगी।
जिला कबड्डी एसोसिएशन बागेश्वर के सचिव गणेश धपोला ने बताया कि टीम का चयन हाल ही में आयोजित ट्रायल के आधार पर किया गया था। चयन प्रक्रिया में जनपद भर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
धपोला ने बताया कि खिलाड़ियों को रवाना करने से पूर्व संघ पदाधिकारियों ने उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर की टीम ने बीते वर्षों में राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है और इस वर्ष भी खिलाड़ियों से बेहतरीन खेल की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। यदि उचित प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ तो ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी नाम रोशन कर सकते हैं। संघ की ओर से खिलाड़ियों के लिए अभ्यास शिविर भी आयोजित किया गया था, जिसमें उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।
खिलाड़ियों के रवाना होने के मौके पर कोच एवं संघ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि टीम इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिला व प्रदेश का मान बढ़ाएगी।








