बागेश्वर। उत्तराखंड पुलिस में उप निरीक्षक (ना.पु.) के पद पर कार्यरत एवं जनपद बागेश्वर के कमेड़ी देवी चौकी प्रभारी स्वर्गीय पान सिंह का आज 25 दिसंबर 2025 को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्वर्गीय पान सिंह मूल रूप से ग्राम बरसीमी, थाना एवं जिला अल्मोड़ा के निवासी थे। वे वर्ष 2009 बैच के भर्ती उप निरीक्षक थे। उत्तराखंड पुलिस में सेवा देने से पूर्व उन्होंने भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दी थीं। वर्तमान में वे बागेश्वर जनपद में कमेड़ी देवी चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे। परिजनों द्वारा उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव बरसीमी, थाना एवं जिला अल्मोड़ा ले जाया जा रहा है, जहां गुरुवार 26 दिसंबर 2025 को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी। स्वर्गीय पान सिंह के आकस्मिक निधन पर पुलिस अधीक्षक बागेश्वर चन्द्रशेखर घोडके ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पान सिंह एक कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और समर्पित अधिकारी थे। उनके निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। पुलिस अधीक्षक सहित समस्त बागेश्वर पुलिस परिवार ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। स्वर्गीय पान सिंह के निधन से न केवल पुलिस विभाग बल्कि क्षेत्रवासियों में भी गहरा शोक व्याप्त है।








