बागेश्वर : जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, बागेश्वर में शिक्षकों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यावसायिक विकास के उद्देश्य से आयोजित शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफल समापन किया गया। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला क्रीड़ा अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में योग के साथ-साथ राज्य एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाले विभिन्न खेलों जैसे खो-खो, वॉलीबॉल एवं टेबल टेनिस की सैद्धांतिक तथा व्यावहारिक जानकारी प्रतिभागी शिक्षकों को प्रदान की गई।
प्रशिक्षण के दौरान मुख्य संदर्भदाता के रूप में कमलेश तिवारी, महिपाल कड़िया, योगाचार्य केवलानंद, नीरज, राजेश, जैनेंद्र राठौर एवं कुंदन सिंह उपस्थित रहे। इसके साथ ही जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की समस्त फैकल्टी ने भी प्रशिक्षण को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य महोदय ने खेलों के शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें विद्यालयों में नियमित रूप से लागू करने पर बल दिया। कार्यक्रम समन्वयक श्रीमती रुचि पाठक द्वारा बताया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी एवं कौशलवर्धक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के सफल समापन के उपलक्ष्य में कार्यअनुभव विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. हरीश जोशी द्वारा सभी अतिथियों, संदर्भदाताओं एवं प्रतिभागी शिक्षकों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया गया। प्रतिभागी शिक्षकों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायक एवं व्यवहारिक बताया।








