logo

हरियाली की ओर बढ़े कदम, मनकोट क्षेत्र में जनभागीदारी से सजेगा बंजर पहाड़

खबर शेयर करें -

मनकोट की बंजर भूमि पर छाई हरियाली, 150 से अधिक पौधों का रोपण
दो गांवों के ग्रामीणों और रेडक्रॉस समिति के सहयोग से चला वृहद वृक्षारोपण अभियान

बागेश्वर । बागेश्वर जिले के मनकोट क्षेत्र में बंजर भूमि को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से रविवार को भारतीय रेडक्रॉस समिति, बागेश्वर की पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन समिति की ओर से वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत छाती और मनकोट गांव के ग्रामीणों के सहयोग से 150 से अधिक विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन समिति के चेयरमैन एवं वृक्ष पुरुष किशन सिंह मलडा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक पिछौड़ा पहनकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद सामूहिक रूप से पौधरोपण किया गया। इस दौरान जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चाल-खाल का निर्माण भी किया गया।
अभियान का उद्देश्य बंजर भूमि को फिर से हरियाली से आच्छादित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। किशन सिंह मलडा ने बताया कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट, घटते वन क्षेत्र और जल स्रोतों के संरक्षण को देखते हुए सामूहिक जनभागीदारी से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी सभी को मिलकर उठानी होगी।
उन्होंने बताया कि वृक्षारोपण इस प्रकार किया गया है कि भविष्य में संभावित सड़क चौड़ीकरण के दौरान पौधों को नुकसान न पहुंचे। इसके लिए पौधों को सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई से बाहर लगाया गया है, ताकि उनका दीर्घकालीन संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
रेडक्रॉस समिति के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि अभी से प्रकृति को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस समिति, बागेश्वर के सचिव आलोक पांडे, कन्हैया वर्मा, वेद प्रकाश पांडे, रमेश प्रकाश पर्वतीय सहित कई ग्रामीण और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  औद्योगिक भांग की खेती को बढ़ावा देने की मांग,वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण न्यास ने प्रदर्शन कर डीएम को सौंपा ज्ञापन
Ad
Share on whatsapp