logo

चार दिन बाद भी हाथ खाली, पिंडारी ट्रैक से लापता पर्यटक की तलाश जारी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक से लौटते समय लापता हुए पर्यटक की तलाश चौथे दिन भी जारी है, लेकिन अब तक राहत टीमों को कोई सफलता नहीं मिल पाई है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम दुर्गम इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। वहीं, कठिन भूभाग को देखते हुए ड्रोन कैमरों की मदद से भी इलाके की निगरानी की जा रही है। बावजूद इसके, तीन दिन बाद भी पर्यटक का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से सहारनपुर निवासी 28 वर्षीय अभिषेक चौहान, पुत्र रघुनाथ चौहान, वर्तमान में गुजरात में रह रहे थे, जबकि उनका परिवार नोएडा में निवास करता है। अभिषेक 28 मई को गाइड आनंद राम के साथ पिंडारी ट्रैक पर खाती से द्वाली की ओर गए थे। 29 मई को वापसी के दौरान मलियाधोड़ के पास अभिषेक कुछ देर के लिए रुक गए और गाइड को आगे बढ़ने के लिए कहा। काफी देर तक जब वह नहीं पहुंचे तो गाइड आनंद राम उन्हें खोजने वापस गया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। रात में खाती पहुंचने के बाद गाइड ने रेंजर डौली डोभाल को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज अभियान शुरू किया गया। पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि 112 के माध्यम से पर्यटक के लापता होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद उनके परिजनों को भी मामले की जानकारी दे दी गई। उन्होंने बताया कि सर्च ऑपरेशन में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और वन विभाग की टीमें जुटी हुई हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण ड्रोन कैमरे की मदद से भी सर्च अभियान चलाया जा रहा है। लापता पर्यटक का कैमरा बरामद होने की बात सामने आई है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के जंगलों और रास्तों में भी लगातार तलाश जारी है।

Share on whatsapp