बागेश्वर। उत्तरायणी कौतिक के अवसर पर सरयू बगड़ में आयोजित पारंपरिक कुश्ती दंगल का भव्य आयोजन संपन्न हो गया। प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में उत्तराखंड के पहलवान राजू थापा और महिला वर्ग में खुशी पाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विशेष बात यह रही कि राजू थापा ने लगातार तीसरी बार यह प्रतियोगिता जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
इस कुश्ती दंगल में दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तराखंड से आए पहलवानों ने भाग लेकर अपनी दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता ने उत्तरायणी मेले की सांस्कृतिक और खेल परंपरा को और अधिक जीवंत बना दिया।
सोमवार को खेले गए पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में देहरादून के राजू थापा और जम्मू-कश्मीर के फैजल गनी के बीच रोमांचक और कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें राजू थापा ने अनुभव और तकनीक के बल पर जीत दर्ज की।
वहीं महिला वर्ग के फाइनल में काशीपुर की खुशी पाल और राजस्थान की सरिता के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। दोनों पहलवानों के उत्कृष्ट खेल से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए, अंततः खुशी पाल ने बाजी मारते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
दंगल के दौरान बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे और उन्होंने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के अवसर पर प्रायोजक दलीप खेतवाल, मुख्य विकास अधिकारी आर. सी. तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।








