logo

लगातार हो रही बारिश से सरयू घाट तक पहुंचा नदी का पानी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। सरयू नदी का पानी सरयू घाट तक पहुंचने से नदी किनारे रहने वाले लोगों और कारोबारियों में चिंता बढ़ गई। हालांकि दोपहर बाद जलस्तर में कुछ कमी आने से लोगों ने राहत की सांस ली।
भारी बारिश के कारण पहाड़ी दरकने और मलबा-बोल्डर आने से जिले की 14 सड़कें बाधित हो गई हैं। सड़कों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ है। कई स्थानों पर लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से जिले में सात मकानों को आंशिक क्षति पहुंचने की भी सूचना है।
वहीं जिले से होकर गुजरने वाले दोनों राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी कई स्थानों पर मलबा और बोल्डर आने से यातायात प्रभावित हुआ। संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से मलबा हटाकर यातायात सुचारु करने में जुटी रहीं। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है।
सुबह जलमग्न हुआ सरयू घाट
ऊपरी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश और सुमगढ़ क्षेत्र में अतिवृष्टि का असर सरयू नदी के जलस्तर पर भी दिखाई दिया। व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष हरीश सोनी ने बताया कि लगातार बारिश के चलते सरयू का जलस्तर तेजी से बढ़ा और सुबह सरयू घाट तक पानी पहुंच गया था। घाट का काफी हिस्सा पानी में डूब गया था। हालांकि बाद में जलस्तर में कुछ कमी आई।
नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस टीम नदी किनारे पहुंचने वाले लोगों को सावधानी बरतने और नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रही है।
आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। नदी, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। प्रशासन की टीमें बारिश से प्रभावित क्षेत्रों और बंद सड़कों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Share on whatsapp