बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत गुरुवार को विवेकानंद इंटर कॉलेज, दुगनाकुरी में सेवा पखवाड़ा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।
शिविर में करीब 250 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 220 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला। इसके अलावा शिविर के दौरान प्राप्त 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि विभिन्न सेवाओं से संबंधित 18 प्रमाण-पत्रों के लिए आवेदन भी प्राप्त हुए।
इस अवसर पर कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने जनहित से जुड़े अनेक कार्य किए हैं और सेवा पखवाड़ा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से योजनाओं को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, पूरन सिंह गढ़िया, कुंदन सिंह रैखोला, राजेंद्र सिंह राठौर, अन्य जनप्रतिनिधि, जनपद स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








