बागेश्वर,। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य स्वर्गीय दयानंद टम्टा की निर्मम हत्या से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है। सोमवार को बागेश्वर के सभी शिक्षक संगठनों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर दिवंगत प्रधानाचार्य को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान नुमाइश खेत मैदान से गोमती पुल तक मौन जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी ने मौन रहकर दिवंगत प्रधानाचार्य को श्रद्धांजलि दी और उनके प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
गोमती पुल पहुंचकर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट का मौन रखकर स्वर्गीय दयानंद टम्टा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। वक्ताओं ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं और ऐसी घटनाएं पूरे समाज को झकझोरने वाली हैं। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को शीघ्र कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रदेश में शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की। मौन जुलूस और श्रद्धांजलि सभा के दौरान पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा और सभी ने एक स्वर में दिवंगत प्रधानाचार्य को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।








