बागेश्वर। पंडित बीडी पांडे परिसर में बीते लगभग 12 वर्षों से लंबित विज्ञान संकाय भवन के हस्तांतरण का मामला आखिरकार जिला प्रशासन की सक्रिय पहल से सुलझ गया। जिला प्रशासन के प्रभावी समन्वय एवं त्वरित हस्तक्षेप के चलते कार्यदायी संस्था सीएनडीएस (CNDS) द्वारा विज्ञान संकाय भवन को औपचारिक रूप से परिसर प्रशासन को सौंप दिया गया।
उल्लेखनीय है कि विज्ञान संकाय भवन का निर्माण वर्ष 2013 में लगभग 183.35 लाख रुपये की लागत से पूर्ण किया गया था, किंतु विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियागत औपचारिकताओं के कारण भवन का हस्तांतरण लंबे समय तक लंबित बना रहा। भवन पूर्ण रूप से तैयार होने के बावजूद उपयोग में न आ पाने से विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था तथा लंबे समय से इसे उपयोग में लाने की मांग की जा रही थी।
छात्रों की शैक्षणिक आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्था के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया। इस दौरान परिसर निदेशक द्वारा भी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण कराने में सकारात्मक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे वर्षों से चली आ रही प्रशासनिक एवं तकनीकी अड़चनें दूर हो सकीं।
भवन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षा-कक्षों की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे परिसर में लंबे समय से चली आ रही कक्षाओं की कमी दूर होगी तथा पठन-पाठन के लिए अधिक सुव्यवस्थित, सुविधाजनक एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर से जुड़ी अन्य लंबित समस्याओं एवं शिकायतों का भी गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वही छात्र संघ अध्यक्ष सागर जोशी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष कमलेश गड़िया, प्रेम दानू सहित छात्र संघ पदाधिकारियों ने कहा कि भवन के हस्तांतरण को लेकर उनके द्वारा लगातार आंदोलन किया जा रहा था। उनकी मांग मानने के लिए परिसर निदेशक और जिला प्रशासन का हार्दिक धन्यवाद।








