बागेश्वर। पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को नगर क्षेत्र में नो व्हीकल डे सफलतापूर्वक मनाया गया। इस दौरान नगर क्षेत्र में निजी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रही, जबकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी गई। लोगों ने स्वेच्छा से इस पहल का समर्थन करते हुए पैदल चलकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग दिया।
नगर क्षेत्र में सुबह से ही बाजार और मुख्य सड़कों पर वाहनों की संख्या बेहद कम नजर आई। लोग पैदल चलते दिखाई दिए, वहीं प्रशासन की ओर से शहर के बाहर पार्किंग व्यवस्था और ई-रिक्शा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी, जिससे लोगों को आवाजाही में अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। सोसायटी के सदस्यों ने नगर के विभिन्न स्थानों पर वाहन छोड़कर पैदल चलने वाले लोगों का फूल देकर स्वागत और सम्मान किया। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक भी किया गया।
रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान के बाद जिले में शनिवार को नो व्हीकल डे के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नगर क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही कम कर पेट्रोल-डीजल की बचत, प्रदूषण में कमी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यदि लोग नियमित रूप से ऐसे प्रयासों में भागीदारी करें तो शहर का वातावरण अधिक स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
वहीं, जिला बार संघ के उपाध्यक्ष नरेंद्र कोरंगा ने बताया कि जिला बार संघ ने भी नो व्हीकल डे का पालन किया। इसके तहत संघ के अधिवक्ता पैदल ही न्यायालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल देशहित में है, बल्कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और आर्थिक बचत के दृष्टिकोण से भी बेहद लाभकारी है।
उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी ने बताया कि नो व्हीकल डे अपेक्षा से अधिक सफल रहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से लोगों पर किसी प्रकार का दबाव नहीं डाला गया था, बावजूद इसके नागरिकों ने स्वयं आगे बढ़कर इसका पालन किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी पैदल चलकर इस अभियान में सहभागिता निभाई। प्रशासन ने नागरिकों के सहयोग पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी लोग पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ यातायात व्यवस्था के लिए इसी तरह सहभागिता निभाते रहेंगे।








