मेरठ से अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए आया था युवक, वारदात के बाद गांव में आक्रोश
रानीखेत के ऐना गांव में शुक्रवार रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई, जबकि उसे बचाने पहुंचीं दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। शनिवार को ग्रामीणों ने वारदात के आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर कुछ समय तक शव उठाने का विरोध किया। बाद में परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले गए।
जानकारी के अनुसार, मेरठ निवासी 19 वर्षीय सागर सिंह अपनी बुआ जानकी देवी के घर ऐना गांव आया हुआ था। बताया जा रहा है कि वह रानीखेत में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। शुक्रवार रात अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर सागर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं जानकी देवी और उनकी चचिया सास सबुली देवी पर भी हमलावर ने हमला कर दिया। हमले में जानकी देवी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि सबुली देवी के गले पर गहरा वार किया गया। दोनों को उपचार के लिए गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय, रानीखेत में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।








