logo

रामगढ़ पुल पर 20 जुलाई तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद, चौंसली लिंक रोड पर गिरने की कगार पर बिजली का पोल बना खतरा

खबर शेयर करें -

भूस्खलन और बारिश से बढ़ी मुश्किलें, प्रशासन ने जारी किया डायवर्जन प्लान; सीमांत क्षेत्रों में बड़े हादसे की आशंका

नैनीताल/अल्मोड़ा। लगातार हो रही मानसूनी बारिश के बीच अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-87 (नया एनएच-109) के किलोमीटर 31 स्थित रामगढ़ पुल पर भारी एवं मालवाहक वाहनों की आवाजाही 20 जुलाई तक पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है।
प्रशासन के अनुसार, 11 जुलाई को हुई भारी बारिश के चलते पुल के बाएं एबटमेंट की डाउनस्ट्रीम विंग वॉल करीब 12 मीटर तक क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे पुल की प्रभावी चौड़ाई घटकर लगभग 3.50 मीटर रह गई है। सुरक्षा को देखते हुए पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
प्रशासन ने भारी और मालवाहक वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। गैस, तेल, सेना के वाहन, यात्री वाहन और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
इधर, पहले से भूस्खलन की मार झेल रही क्वारब-चौंसली (डोबा-चौंसली) लिंक रोड पर अब एक बिजली का पोल गिरने की कगार पर पहुंच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश और कमजोर होती जमीन के कारण यह पोल कभी भी सड़क पर गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य विपिन गुरूरानी ने भी मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि संबंधित विभाग को तत्काल पोल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह पोल किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
एई गोस्वामी ने बताया कि संबंधित स्थान पर विद्युत विभाग की लाइन है और मामले को लेकर पावर कॉरपोरेशन को पत्र भेजने का निर्णय लिया गया है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
गौरतलब है कि रविवार को भारी भूस्खलन के कारण क्वारब-चौंसली लिंक रोड भी बंद हो गई थी, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं और यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी थी।
मानसून के बीच एक ओर रामगढ़ पुल पर प्रतिबंध और दूसरी ओर वैकल्पिक मार्ग पर मंडरा रहा खतरा प्रशासन के लिए नई चुनौती बन गया है। ऐसे में अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

Share on whatsapp