logo

विवेकानंद विद्या मंदिर में 193 मेधावी विद्यार्थियों की माताओं को कमला नेहरू पुरस्कार से किया गया सम्मानित

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। नगर स्थित विवेकानंद विद्या मंदिर में शैक्षिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कमला नेहरू पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की 193 माताओं को सम्मानित किया गया। प्रत्येक महिला को प्रोत्साहन स्वरूप एक हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 193 विद्यार्थी इस पुरस्कार के पात्र रहे। इनमें 115 छात्र-छात्राएं हाईस्कूल तथा 78 विद्यार्थी इंटरमीडिएट वर्ग से हैं, जिन्होंने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के प्रधानाचार्य अव्वल सिंह तोपाल रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे माताओं का अहम योगदान होता है। कमला नेहरू पुरस्कार के माध्यम से मातृशक्ति के त्याग, परिश्रम और मार्गदर्शन को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है। प्रधानाचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनकी माताओं को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में विद्यार्थी और भी बेहतर प्रदर्शन कर समाज व राष्ट्र के निर्माण में योगदान देंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मान समारोह में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

Share on whatsapp