बागेश्वर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत के नाम पर प्रस्तावित पालड़ीछीना–जनोटीपालड़ी–करालापालड़ी–चनौली–जैनकरास–कंगाड़छीना मोटर मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर चल रहे क्रमिक अनशन के तीसरे दिन राज्य दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट अनशन स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान आयोजित जनसभा में शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए सड़क निर्माण संबंधी मांग को शासन तक पहुंचाने और सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
हालांकि आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। उनका कहना है कि उनकी एकमात्र मांग सड़क निर्माण का शासनादेश (जीओ) जारी करना है। जब तक शासनादेश जारी नहीं होगा, तब तक क्रमिक अनशन और आंदोलन जारी रहेगा।
तीसरे दिन स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के उत्तराधिकारी, ऑनरेरी नायब सूबेदार (सेवानिवृत्त) एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य फते सिंह करायत क्रमिक अनशन पर बैठे। इस दौरान उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व खरेही मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह टंगड़िया, पूर्व मंडल अध्यक्ष रवि करायत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष बालम सिंह बिष्ट, वर्तमान मंडल अध्यक्ष घनश्याम राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंदन रावत, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्या, क्षेत्र के प्रधानगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








