बागेश्वर: उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) देहरादून तथा अगस्तया इंटरनेशनल फाउण्डेशन के सहयोग से बागेश्वर को लैब ऑन व्हील्स वैन प्राप्त हुई है जो जनपद बागेश्वर के विभिन्न विद्यालयों में कक्षा 6 से 10 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विज्ञान, गणित के प्रयोगो को सरल तरीके से समझाने का कार्य करेगी। जिससे बच्चों में समझने की क्षमता का विकास होगा।
बता दे कि लैब ऑन व्हील्स मोबाइल वैन के लिए दो इगनेटर ममता जोशी तथा पूजा उपाध्याय का चयन किया गया है। यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो० दुर्गेश पंत की महत्वाकांशी सोच के माध्यम से राज्य के ग्रामीण, दूरस्थ क्षेत्रों में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने और विज्ञान संचार गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु अगस्तया इंटरनेशनल फाउण्डेशन के सहयोग से राज्य के 9 जनपदों को लैब ऑन व्हील्स प्रदान की गई है। बागेश्वर में इसका शुभारम्भ विधायक बागेश्वर पार्वती दास ने लैब ऑन व्हील्स वैन को हरी झण्डी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि लैब ऑन व्हील्स के माध्यम से जनपद के ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को विज्ञान विषय में अभिरूचि पैदा करने तथा विज्ञान विषय को समझने में मदद मिलेगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गजेन्द्र सिंह सौन ने कहा कि निश्चित तौर पर इस प्रकार की परियोजनाओं से छात्र-छात्राओं का दृष्टिकोण वैज्ञानिक होगा तथा उनमें प्राकृतिक जिज्ञासा का विकास होगा। लैब ऑन व्हील्स परियोजना के जनपद समन्वयक दीप चन्द्र जोशी ने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं को जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, गणित आदि विषय के पाठ्यक्रम को बेहतर तरीके से सीखने और समझ पाने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। प्रथम चरण में राज्य के चार जनपदों देहरादून, पौड़ी, अल्मोडा तथा चम्पावत को लैब ऑन व्हील्स वैन प्राप्त हुई थी। अन्य 9 जनपदों को द्वितीय चरण में लैब ऑन व्हील्स वैन प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि जनपद बागेश्वर में शुरूआत में नजदीकी 20 विद्यालयों में वैन भम्रण करेगी तथा सांइस फेयर, टीचर ट्रेनिंग आदि का भी समय-समय पर नियमित अंतराल पर आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम के दौरान इगनेटर पूजा उपाध्याय ने राजकीय इंटर कालेज बागेश्वर के कक्षा 6 से 10 तक के छात्र-छात्राओं हेतु विभिन्न प्रयोगो की प्रदर्शनी लगाई तथा उन्हें समझाया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) आशा राम, अल्मोड़ा के इगनेटर योगेश बिष्ट, राजेश आगरी, हेम चन्द्र जोशी, सुशीला रावत, ममता नेगी, सुरेश राम, ए०आर० पाल, जीतेन्द्र वर्मा, नीलम कार्की, चम्पा बोरा, दीक्षा दानू, निर्मला पाण्डे आदि लोग उपस्थित थे।
