कांडा।
कमस्यारघाटी में रविवार की रात हुई तेज बारिश से दो जनपदों को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की खातीगांव-देवतोली-नरगोली-चंतोला मोटर मार्ग पर भैसखाल गधेरे में बना कलमठ ध्वस्त हो गया है। सड़क के साथ एक पेड़ भी गिर जाने से दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।
सड़क बंद होने से चंतोला, ठांगा, नरगोली, भंडारीगांव सहित आसपास के कई गांवों का बागेश्वर जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। साथ ही पिथौरागढ़ जनपद के बेरीनाग, जो कमस्यारघाटी का प्रमुख बाजार है, वहां से भी आवागमन बाधित हो गया है। इससे स्थानीय लोगों को दैनिक आवश्यकताओं, चिकित्सा सेवाओं और अन्य जरूरी कार्यों के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पीएमजीएसवाई के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीन लगाकर सड़क पर अस्थायी वैकल्पिक मार्ग तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। ग्राम प्रधान भंडारीगांव कुंदन बोरा,ठांगा चंद्र राम , चंतोला हीरा देवी,नरगोली चंद्रशेखर रौतेला पैंठाण राजू बनाई क्षेत्र पंचायत सदस्य रवि रावत कविता बोरा के साथ ही क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र वैकल्पिक मार्ग तैयार कर यातायात बहाल करने तथा स्थायी मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की है, तांकि लोगों को राहत मिल सके। इधर एई नरेश पाठक ने बताया कि कलमट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिसके कारण फिलहाल स्थायी मरम्मत संभव नहीं है। विभाग पहले अस्थायी मार्ग बनाकर आवाजाही बहाल करने का प्रयास कर रहा है। यदि इसमें सफलता नहीं मिलती है तो सड़क को पुनः चालू होने में एक सप्ताह या उससे अधिक समय लग सकता है। सोमवार की शाम को जिला मुख्यालय समेत कपकोट, कांडा में बारिश हुई है। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत तो मिल गई है, लेकिन सड़क बंद होने से लोग परेशान हैं।








