logo

सरयू नदी में बह रहे जम्मू-कश्मीर के युवक की बचाई जान, पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ता ने दिखाया साहस

खबर शेयर करें -

कपकोट (बागेश्वर)। कपकोट में सरयू नदी में पैर फिसलने से बह रहे जम्मू-कश्मीर निवासी एक मजदूर की पुलिस, एनडीआरएफ और सामाजिक कार्यकर्ता की मदद से जान बचा ली गई। युवक नदी में बहते हुए एक पत्थर में फंस गया था। उसे बचाने की कोशिश में उसका एक साथी भी नदी के बीच पत्थर पर फंस गया। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  ईमानदारी की मिसाल: धौलीनाग मेले में मिला दो लाख का सोने का हार लौटाया

जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले निवासी मोहम्मद असरफ कपकोट क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने के कार्य में मजदूरी कर रहे हैं। मंगलवार को छुट्टी होने के कारण वह सरयू नदी के किनारे कपड़े धोने गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगे। गनीमत रही कि वह नदी के बीच एक पत्थर में फंस गए।

यह भी पढ़ें 👉  रेखा आर्य प्रकरण को लेकर बागेश्वर में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, बोली मंत्री को मिले न्याय

असरफ को नदी में बहता देख उनके साथी अरसद ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी नदी के बीच पत्थर पर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही कपकोट थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, सामाजिक कार्यकर्ता राम सिंह ऐठानी भी युवक को बचाने के लिए आगे आए। पुलिस और एनडीआरएफ की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर नदी में फंसे युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यह भी पढ़ें 👉  छत से गिरकर चालक की मौत, हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

इसके बाद मोहम्मद असरफ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. लक्ष्मी ने बताया कि युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। उपचार के बाद उसकी स्थिति ठीक होने पर उसे घर भेज दिया गया।

समय रहते पुलिस, एनडीआरएफ और सामाजिक कार्यकर्ता की तत्परता से युवक की जान बच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान में जुटी टीमों के प्रयासों की सराहना की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
Share on whatsapp