बागेश्वर: होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को गरुड़ नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में सघन एवं औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान आमजन को सुरक्षित, शुद्ध और मानक अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना तथा मिलावटखोरी की संभावनाओं पर प्रभावी रोक लगाना रहा। टीम ने मिष्ठान भंडार, किराना स्टोर, डेयरी प्रतिष्ठान और अन्य खाद्य कारोबारियों के यहां पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता की स्थिति, खाद्य पदार्थों के भंडारण की व्यवस्था, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, पैकेजिंग और लेबलिंग, लाइसेंस/पंजीकरण प्रमाण-पत्र तथा क्रय-विक्रय अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। खाद्य कारोबारियों को निर्देशित किया गया कि वे खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के सभी प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। विशेष रूप से होली के अवसर पर बाहर से मंगाए जा रहे मावा, खोया, मिठाई, नमकीन और खाद्य तेल आदि सामग्री केवल विधिवत बिल/चालान के आधार पर ही खरीदने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी अभिलेख सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर सत्यापन किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर मावा, विभिन्न प्रकार की मिठाइयों और खाद्य तेल सहित कुल 6 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को विधिक प्रक्रिया के तहत सील कर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी दिनों में भी जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे सघन निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे, ताकि त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण दल में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. प्रकाश चंद फलारा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार और सहायक भूपेंद्र देव शामिल रहे।








