बागेश्वर। भाजपा जिला कार्यालय बागेश्वर में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई की जन्म जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों और राष्ट्रसेवा को स्मरण किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेई के विराट व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने जीवन से सुशासन, राष्ट्रवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल कायम की। उनके विचार आज भी देश के युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। इस अवसर पर अटल जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र के लिए किए गए योगदान को दर्शाने वाली सात दिवसीय ‘अटल स्मृति प्रदर्शनी’ का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा देवी तथा उत्तराखंड सरकार के पूर्व मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रदर्शनी में अटल जी के राजनीतिक जीवन, कविताओं, ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों को चित्रों व दस्तावेजों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम सिंह शाही,जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा आर्या,मथुरा प्रसाद, विवेक तिवारी,खड़क सिंह टंगड़िया सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय परिहार ने किया। इस दौरान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेई के विचारों को आत्मसात कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।








