देहरादून। राजधानी देहरादून के एस.डी. रोड स्थित खरावा नागल हटनाला क्षेत्र में 16 सितंबर की रात करीब 11 बजे बादल फटने की घटना से हड़कंप मच गया। इस दौरान अचानक एक घर पर बिजली गिर गई, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज धमाके जैसी आवाज़ सुनाई दी और देखते ही देखते घर की दीवारों व छत को नुकसान पहुँचा। स्थानीय निवासी सौरभ ने बताया कि बिजली गिरने के साथ इतनी जोरदार गड़गड़ाहट हुई कि लोग नींद से जागकर घरों से बाहर निकल आए। बच्चों और महिलाओं में काफी डर का माहौल था।
घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई। मौके पर पहुँची आपदा प्रबंधन टीम ने प्रभावित घर का निरीक्षण किया और नुकसान का आकलन शुरू किया। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि लगातार हो रही बारिश और मौसम की अस्थिरता को देखते हुए सतर्क रहें, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें और किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत नियंत्रण कक्ष को दें।








