बागेश्वर/गरुड़।
दिल्ली मैराथन जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले 17 वर्षीय एथलीट हरीश बोरा का गरुड़ पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। घर पहुंचने पर सिविल सोसायटी गरुड़ के सदस्यों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उनका फूलमालाओं से स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने कहा कि हरीश बोरा ने कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है, जो अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलें तो पहाड़ के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं। हरीश की सफलता इसी का उदाहरण है। हरीश बोरा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, कोच और क्षेत्र के लोगों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि आगे भी कड़ी मेहनत कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में सिविल सोसायटी गरुड़ अध्यक्ष डी के जोशी, वरिष्ठ पत्रकार हरीश जोशी सोसायटी के सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।








