logo

पुलिया निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत बमराड़ी ने विधायक को सौंपा ज्ञापन

खबर शेयर करें -

बागेश्वर।
ग्राम पंचायत बमराड़ी में लंबे समय से लंबित पड़ी पुलिया निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्य द्वारा विधायक को ज्ञापन सौंपा गया है। ग्रामवासियों ने पुलिया के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई है, जिससे क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो सके।
ज्ञापन में बताया गया है कि वर्ष 2021 में भारी वर्षा के कारण बमराड़ी क्षेत्र में स्थित पैदल पुलिया बह गई थी। इसके बाद से आज तक पुलिया का पुनर्निर्माण नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह पुलिया बमराड़ी से कफियत सहित अन्य गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। पुलिया न होने के कारण लोगों को आवागमन में जोखिम उठाना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार लोक निर्माण विभाग को अवगत कराया गया और सीएम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि करीब पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी पुलिया का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामवासियों में नाराजगी है। विभाग की ओर से इसे आगामी जिला योजना में शामिल किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक कार्य धरातल पर नहीं उतर पाया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य मनीष कुमार प्रसाद ने विधायक से अनुरोध किया है कि जनहित को देखते हुए पुलिया निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दिलाई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुलिया निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Share on whatsapp