बागेश्वर। लंबित मांगों के निस्तारण एवं अल्मोड़ा मैग्नेसाइट फैक्ट्री के संचालन को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है, जिसे कांग्रेस पार्टी का भी समर्थन मिल रहा है। सोमवार को कर्मचारियों के समर्थन में पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा समेत कई कांग्रेसी नेता जिला मुख्यालय पहुंचे और उनकी मांगों को जायज ठहराया।
कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में क्रमिक अनशन प्रारंभ किया। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पिछले 14 महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत खराब हो गई है। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना मुश्किल हो गया है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों को जानबूझकर बांटा जा रहा है। आधे कर्मचारियों को वेतन दिया जा रहा है, जबकि शेष कर्मचारियों को एक भी भुगतान नहीं हुआ है। इसे कर्मचारियों के साथ खुला भेदभाव बताया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि वे अब तक अपनी समस्याओं को लेकर तीन बार जिलाधिकारी से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन आज तक उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे हताश होकर उन्हें क्रमिक अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
सभा में कर्मचारियों ने मांग की कि मैग्नेसाइट फैक्ट्री को शीघ्र खोला जाए, कर्मचारियों को सरकारी विभागों में समायोजित किया जाए तथा भविष्य निधि (पीएफ) की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह न्यायोचित है और कांग्रेस पार्टी कर्मचारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मुद्दे को हर स्तर पर उठाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट, निवर्तमान जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला,पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण,पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी,राजेंद्र टंगड़िया, बालकृष्ण आदि मौजूद रहे।








