बागेश्वर। सीमांत ग्राम पंचायत डुमलोट (पो. लोबाज) में मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका को लेकर ग्राम प्रधान द्वारा वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिक विद्यालय परिसर तथा ग्रामीण क्षेत्र से लगे वन क्षेत्र में बुश कटर के माध्यम से झाड़ी कटान का कार्य कराया।
वन विभाग की इस पहल का उद्देश्य वन्यजीवों की संभावित आवाजाही को स्पष्ट करना तथा ग्रामीणों, विशेषकर स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। झाड़ी कटान से क्षेत्र में दृश्यता बढ़ेगी और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका कम होगी।
इस दौरान वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील करते हुए वन्यजीवों से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी दी। ग्रामीणों को अंधेरे एवं एकांत रास्तों पर अकेले न निकलने, समूह में आवागमन करने, अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की वन्यजीव गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने का अनुरोध किया गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।








