logo

बागनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोर से लगी श्रद्धालुओं की कतार

खबर शेयर करें -

बागेश्वर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद के मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर स्थित बागनाथ मंदिर में प्रातः चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एक-एक कर श्रद्धालुओं को शिवलिंग के दर्शन कराए गए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भक्तों ने दूध, बेलपत्र, गंगाजल, घृत, शहद सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां अर्पित कीं। पूरा वातावरण ‘ॐ नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
उधर बैजनाथ धाम में भी सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कपकोट, कांडा सहित विभिन्न शिवालयों में विशेष पूजन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। आचार्य कैलाश उपाध्याय ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व विशेष रूप से भक्तों के लिए अत्यंत फलदायी माना जाता है। श्रद्धा और सच्चे मन से की गई पूजा-अर्चना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पवित्र सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई। शिवालयों को फूल-मालाओं से सजाया गया था। भक्तों ने कच्चे दूध और बेलपत्र से अभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। श्रद्धालु सुधा साह और नीतू रावत ने बताया कि इस दिन की पूजा का विशेष महत्व है और वे हर वर्ष भगवान शिव का आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचती हैं।
बागनाथ मंदिर परिसर स्थित प्राचीन कालभैरव और बाणेश्वर मंदिर में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना कर रुद्री पाठ कराया। पंडितों के अनुसार इस वर्ष महाशिवरात्रि पर शिवयोग और सिद्धियोग का संयोग बन रहा है, जिससे पर्व का महत्व और अधिक बढ़ गया है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इसी दिन सृष्टि का आरंभ अग्निलिंग के उदय से हुआ था। मान्यता यह भी है कि इसी दिन भगवान शिव का विवाह देवी पार्वती के साथ हुआ तथा समुद्र मंथन के दौरान निकले कालकूट विष को भगवान शिव ने अपने कंठ में धारण किया था। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरा बागेश्वर शिवमय नजर आया और दिनभर मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रोड नहीं तो वोट नहीं" के नारों से गूंजा फुलवाड़ी, सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना
Ad
Share on whatsapp