logo

निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का पाँच दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

खबर शेयर करें -

विद्यार्थियों की भाषा एवं गणित दक्षता बढ़ाने पर दिया गया विशेष फोकस

बागेश्वर। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत जनपद के राजकीय प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के पाँच दिवसीय प्रशिक्षण का शुक्रवार को विधिवत समापन हो गया। प्रशिक्षण का लक्ष्य प्राथमिक स्तर पर भाषा और गणित में बच्चों की दक्षता बढ़ाने तथा विद्यालयों में दक्षता-आधारित शिक्षण मॉडल को मजबूत बनाना था।

समापन सत्र को संबोधित करते हुए डायट बागेश्वर के प्राचार्य चक्षुपति अवस्थी ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को ऊँचा उठाने के लिए शिक्षक, अभिभावक और समुदाय सभी हितधारकों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानाध्यापक विद्यालयों के शैक्षणिक नेतृत्वकर्ता हैं। यदि भाषा और गणित में विद्यार्थियों की क्षमताओं का निरंतर मूल्यांकन और मार्गदर्शन होगा, तो अधिगम परिणाम निश्चित रूप से बेहतर होंगे।
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. संदीप कुमार जोशी ने बताया कि प्रशिक्षण के उपरांत जनपद के सभी स्कूलों में प्रधानाध्यापकों द्वारा प्रति सप्ताह दक्षता-आधारित प्रश्न पत्र तैयार कर विद्यार्थियों का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से बच्चों को अगले वर्ष होने वाली ‘परख परीक्षा’ के लिए व्यवस्थित रूप से तैयार किया जा सकेगा। नियमित मूल्यांकन से शिक्षकों को यह भी पता चलेगा कि किस बच्चे को किस दक्षता पर अतिरिक्त सहायता की जरूरत है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यालय संस्कृति, प्रशासनिक दायित्व, शैक्षणिक नेतृत्व, कक्षा-कक्ष प्रबंधन तथा दक्षता आधारित शिक्षण पद्धति पर विस्तृत चर्चा की गई। मास्टर ट्रेनरों ने विभिन्न मॉड्यूलों के माध्यम से प्रधानाध्यापकों को गतिविधि- आधारित शिक्षण, आकलन उपकरणों के उपयोग, और विद्यालय-स्तर पर सुधार योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित किया। समापन सत्र में जनपद के सभी 100 प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे। मास्टर ट्रेनर बलवंत कालाकोटी, संजय पूना और वंशीधर जोशी ने सत्रों का संचालन किया। प्रशिक्षण को जिले में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रामगढ़ पुल पर 20 जुलाई तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद, चौंसली लिंक रोड पर गिरने की कगार पर बिजली का पोल बना खतरा
Ad
Share on whatsapp