बागेश्वर : परिवहन विभाग बागेश्वर के द्वारा विवेकानंद स्कूल में रोड सेफ्टी जागरूकता कार्यक्रम के तहत छात्रों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों को दुर्घटना की स्थिति में तुरंत सहायता पहुंचाने के लिए फर्स्ट रेस्पॉन्डर की विशेष ट्रेनिंग प्रदान की गई, जिससे वे आपात स्थिति में जिम्मेदारी से कार्य कर सकें।
एआरटीओ अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्रों को “राहवीर योजना” के बारे में भी विस्तार से अवगत कराया। कार्यक्रम में बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन और सम्मान दिया जाता है। इस अवसर पर विद्यालय के कक्षा 10 के उन विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को इसी तरह आगे बढ़ने और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। इस तरह के आयोजनों से छात्रों में न केवल जागरूकता बढ़ती है, बल्कि उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।








