बागेश्वर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत के नाम पर प्रस्तावित पालड़ीछीना-जनोटीपालड़ी-करालापालड़ी-चनौली-जैनकरास-कंगाड़छीना मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। मूसलाधार बारिश और कड़ाके की ठंड के बावजूद स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के उत्तराधिकारी, ऑनरी नायब सूबेदार एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य फते सिंह करायत अपने संकल्प पर अडिग रहते हुए अनशन स्थल पर डटे रहे।
आंदोलन को समर्थन देने के लिए पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बालकृष्ण, पूर्व प्रधान कराला पालड़ी एवं भूतपूर्व सैनिक ऑनरी नायब सूबेदार ठाकुर सिंह करायत, पूर्व प्रधान मोहन सिंह करायत, ग्राम प्रधान करासमाफी के प्रतिनिधि मोहन सिंह बिष्ट, ग्राम प्रधान पालड़ी बगड़ नंदन सिंह करायत, नंदन सिंह मेहता, केवलानंद जोशी, बालम जनौटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण अनशन स्थल पर पहुंचे और अपना समर्थन दिया।
इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद क्षेत्रवासियों, मातृशक्ति, पूर्व सैनिकों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों का अटूट सहयोग आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर निर्माण प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।
फते सिंह करायत ने कहा कि यह आंदोलन केवल एक सड़क की मांग नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, आवागमन की सुविधा और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. महेंद्र सिंह करायत के सम्मान से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग है और इसे पूरा किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
आंदोलनकारियों ने शासन और प्रशासन से जल्द से जल्द मोटर मार्ग निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








