logo

डिप्लोमा इंजीनियर्स का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, 27 सूत्रीय मांगों पर अड़े

खबर शेयर करें -

बागेश्वर: उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की जनपद इकाई बागेश्वर ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। सोमवार से जिला मुख्यालय में शुरू हुए इस धरने में बड़ी संख्या में डिप्लोमा इंजीनियर शामिल हुए। महासंघ के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से 27 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से मांग की जा रही थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें धरने पर बैठने को मजबूर होना पड़ा। धरना स्थल पर वक्ताओं ने कहा कि वेतन विसंगतियों का निस्तारण, पदोन्नति, सेवा शर्तों में सुधार और कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों को लेकर कई बार ज्ञापन भी दिए गए, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह गैर-राजनीतिक है और इसका उद्देश्य केवल कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना है। धरने में जनपद अध्यक्ष नन्द किशोर जोशी, जिला मंत्री डी.एस.कनवाल सहित कई इंजीनियर मौजूद रहे और आंदोलन को समर्थन दिया।

Share on whatsapp