हरिद्वार : सुराज सेवा दल ने ग्राम पंचायत अकौड़ा खुर्द, ब्लॉक लक्सर में कथित गबन प्रकरण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश जोशी ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी शंकरदीप सैनी तथा ग्राम प्रधान के खिलाफ लाखों रुपये के गबन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के करीब सात महीने बाद भी पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद संबंधित अधिकारी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि आम लोगों के मामलों में तुरंत कार्रवाई होती है, जबकि इस प्रकरण में देरी की जा रही है।
सुराज सेवा दल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी की आय और संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।








