बागेश्वर। शिक्षा निदेशालय देहरादून में घटी घटना के विरोध में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा रोष देखने को मिला। घटना को प्रशासनिक गरिमा पर आघात बताते हुए कर्मचारियों ने कड़ी निंदा की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
बागेश्वर जनपद में भी कर्मचारियों ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्र होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि शासकीय कार्य में हस्तक्षेप और अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिकारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन में विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और सभी ने एकजुटता का संदेश दिया।








