logo

बागेश्वर : कथक की बारीकियां सीखेंगे बच्चे और युवा, सात दिवसीय कार्यशाला शुरू

खबर शेयर करें -

बागेश्वर : प्रेरणाकृति फाउंडेशन की ओर से स्वराज भवन में सात दिवसीय निश्शुल्क कथक नृत्य कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इस कार्यशाला का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को भारतीय शास्त्रीय नृत्य कथक की परंपरा, तकनीक और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराना है।
कार्यशाला में 35 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पहले दिन प्रशिक्षिका दिव्या रावल ने प्रतिभागियों को कथक की मूलभूत तकनीकों, तत्कार, हस्तक तथा शारीरिक संतुलन का प्रारंभिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने नियमित रियाज और अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सैम मंदिर वार्ड के सभासद विजयपाल सिंह मटियानी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने फाउंडेशन के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक गतिविधियां बच्चों में कला के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें भारतीय सांस्कृतिक विरासत से भी जोड़ती हैं। आयोजकों ने बताया कि सात दिवसीय कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को कथक नृत्य के विभिन्न पक्षों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। समापन समारोह में प्रतिभागी अपनी सीखी हुई प्रस्तुतियां मंच पर प्रस्तुत करेंगे, जिसमें अभिभावकों और कला प्रेमियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

Share on whatsapp