logo

मुख्यमंत्री ने किया दानपुर महोत्सव का शुभारंभ, दानपुर की संस्कृति की प्रदेश में है अलग पहचान: धामी

खबर शेयर करें -

बागेश्वर जिले के ग्राम पंचायत कर्मी में तीन दिवसीय दानपुर महोत्सव का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शुभारंभ किया। उन्होंने उत्तराखंड की संस्कृति और तीज त्योहारों को अद्वितीय बताते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य है कि 2025 तक उत्तराखंड राज्य देश के राज्यों में श्रेष्ठ राज्य बने। उन्होंने कहा कि दानपुर क्षेत्र के लोग बहुत मेहनती और इमानदार हैं और अपने क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से आपसी सद्भाव बढ़ता है। भावी पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति का बोध होता है।

कर्मी में दानपुर महोत्सव पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने देवी मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद महोत्सव का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने दुग नाकुरी में गैस गोदाम, क्षतिग्रस्त ग्लेशियर मार्गों का निर्माण कार्य, बधियाकोट में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भवन निर्माण तथा कपकोट तहसील के चार जगहों में मिनी स्टेडियम के निर्माण के साथ ही अन्य घोषणाएं की। उन्होंने कपकोट क्षेत्र में आर्मी केंटीन खोलने के शुरूआत करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि भारत देश के लोग और उत्तराखंड के लोग बहुत स्वाभिमानी लोग हैं, उन्होंने कभी परिवारवाद को महत्व देने के वजाय देश को सर्वोपरि रखा है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदीजी सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए हर त्यौहार उनके साथ ही मनाते आए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेलों के आयोजन से जहां आपसी सद्भाव बढ़ता है वहीं भावी पीढ़ी को भी इन्हें समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने मेलों और प्राचीन संस्कृति को संरक्षित करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए हैं। उन्होंने कहा कि यह समय युवाओं का है, लेकिन उन्हें बुजुर्गों का सम्मान नहीं भूलना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में 22 हजार युवाओं को रोजगार देने की घोषणा में से वर्तमान में 12 हजार युवाओं को रोजगार देने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना से मृत्यु हो चुके परिजनों के अनाथ बच्चों के भरण—पोषण के लिए सरकार ने तीन हजार रूपयों की व्यवस्था शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Share on whatsapp